जागरण संवाद केंद्र, फरीदाबाद : ओल्ड फरीदाबाद रेलवे स्टेशन से दक्षिण भारत जाना सुगम होगा। रेल मंत्रालय ने दक्षिण भारत जाने वाले लोगों के लिए केरला व जीटी एक्सप्रेस की वर्षो पुरानी मांग को स्वीकार कर लिया है। उम्मीद है कि अगले महीने से दोनों ट्रेन ओल्ड फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर रूक कर चलेंगी। इस संदर्भ में मंत्रालय की ओर से ओल्ड फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर पत्र भी आ चुका है।
फरीदाबाद औद्योगिक नगरी एनसीआर का महत्वपूर्ण क्षेत्र है। इस क्षेत्र ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना रखी है। औद्योगिक नगरी के चलते भारत के विभिन्न राज्यों से हजारों लोग यहां रोजी-रोटी के लिए आए हुए हैं। खासकर दक्षिण भारत के लोगों की फरीदाबाद में काफी संख्या है, लेकिन इन लोगों के लिए त्योहारों पर अपने घर जाने के लिए ओल्ड फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों की समुचित व्यवस्था नहीं है। दक्षिण भारत जाने के लिए केरला व जीटी एक्सप्रेस ट्रेन निजामुद्दीन व नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से चलती हैं। इस कारण इन लोगों के साथ-साथ दक्षिण भारत जाने वाले लोगों को दोनों ट्रेनों के लिए निजामुद्दीन व नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से ट्रेन पकड़नी होती है। इस कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इन लोगों की समस्या को कई बार प्रमुखता से रेलवे के उच्च अधिकारियों के समक्ष उठाया जा चुका है। कई बार लोग ओल्ड फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर प्रदर्शन भी कर चुके हैं। रेल कम्यूटर्स एसोसिएशन ने भी इस मांग को रेल मंत्रालय तक पहुंचाया। यह एसोसिएशन चार साल से दोनों ट्रेनों के ठहराव की मांग करती आ रही थी। एसोसिएशन की इस मांग को मंत्रालय ने स्वीकार कर लिया है और उत्तर रेलवे प्रबंधक की ओर से दोनों ट्रेनों के ठहराव के लिए पत्र भी आ चुका है। हालांकि मंत्रालय की ओर से 19 फरवरी को पत्र भेजा गया था, लेकिन एसोसिएशन को यह पत्र मंगलवार को मिला है।
दिल्ली से आते वक्त केरला एक्सप्रेस दोपहर के समय ओल्ड फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर रुकेगी, जबकि जीटी एक्सप्रेस रात आठ बजे रुकेगी। केरला एक्सप्रेस मथुरा, झांसी, भोपाल व इटारसी से होते हुए दक्षिण भारत की ओर जाएगी, जबकि जीटी एक्सप्रेस का दक्षिण भारत जाने के लिए इटारसी से रूट डायवर्ट हो जाएगा। रेल कम्यूटर्स एसोसिएशन के प्रधान बाबूलाल शर्मा ने बताया कि इन दोनों ट्रेनों के ठहराव के चलते निजामुद्दीन और नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भीड़ कम हो जाएगी और यहां के लोगों को दिल्ली जाना नहीं पड़ेगा। इससे हजारों लोगों को सहूलियत होगी।
Dainik Jagaran 20 march 2013
No comments:
Post a Comment